तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . रायपुर
भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला ने अपने उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद मनोज प्रजापति के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और इसे भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया हैं।मनोज की कमी हमेशा खलेगी- भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुन्दरानी ने कहा कि मनोज प्रजापति जी का निधन अपूरणीय क्षति हैं। भाजपा परिवार में उनकी कमी हमेशा खलेगी। मनोज प्रजापति जी के रिक्त स्थान की पूर्ति नहीं की जा सकती। वे न सिर्फ एक कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ता थे वे एक कुशल संगठनकर्ता होने के साथ साथ राजधानी के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधे दिल से जुड़े रिश्ते की तरह थे। उनका रिश्ता सभी कार्यकर्ताओं से कार्यकर्ता नेता का नहीं बल्कि पारिवारिक सदस्य जैसा था। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान प्रदान करें व इस दुख को सहने की शक्ति प्रजापति परिवार को प्रदान करे।
भाजपा ने एक कर्मठ और सच्चे कार्यकर्ता को खो दिया- वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा नेता मनोज प्रजापति जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मनोज प्रजापति जी के रूप में एक कर्मठ और सच्चा कार्यकर्ता भाजपा ने आज खो दिया। पूरा प्रजापति परिवार स्व. दुलीचंद जी प्रजापति से लेकर मनोज प्रजापति तक सभी ने भाजपा के लिए कर्मठता, ईमानदारी और समर्पण से कार्य किया जिसे भाजपा कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने ईश्वर से उन्हें अपने चरण कमल में स्थान देने व प्रजापति परिवार को दुख के इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रर्थना की।
कुशल संगठनकर्ता व समर्पित कार्यकर्ता थे मनोज- छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेश मूणत ने भाजपा नेता मनोज प्रजापति के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति हैं जिसकी कभी पूर्ति नहीं की जा सकती। भाजपा ने एक कुशल संगठनकर्ता, समर्पित व मेहनती कार्यकर्ता मनोज प्रजापति जी के रूप में खो दिया हैं।
एक जनसेवक, एक संगठनकर्ता थे मनोज- रायपुर लोकसभा के सांसद सुनील सोनी ने भाजपा नेता मनोज प्रजापति जी को याद करते हुए कहा कि वे एक जनसेवक थे, जनप्रतिनिधि के तौर पर सभी जनता का कार्य करते हैं परंतु मनोज प्रजापति जी जनप्रतिनिधि न रहते हुए भी लगातार जनता के लिए कार्य करते रहते थे, इसी लिए जनता ने उन्हें पार्षद के रूप में भी सहजता से बड़े अंतर से जिताया था। जनप्रतिनिधि रहते हुए या न रहते हुए भी जनसेवा कैसे की जा सकती हैं यह निश्चित ही उनका अद्भुत गुण था। भाजपा नेता के रूप में उनके रिक्त स्थान की पूर्ति सम्भव नहीं हैं। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करे।
जनता के लाडले जनसेवा में अव्वल थे मनोज- भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुभाष राव ने भाजपा नेता मनोज प्रजापति के असमय निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जनसेवा में हमेशा आगे रहने वाले और जनता के चहेते मनोज प्रजापति जी का असमय निधन हम सब के लिए बड़ा वज्रपात है। ईश्वर इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को संबल प्रदान करे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें