कोरोना संक्रमण के चलते अपने युवा नेता के चिर विछोह से प्रदेश भाजपा-परिवार शोक संतप्त, दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . रायपुर
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश व ज़िला इकाइयों ने राजधानी के पूर्व पार्षद व रायपुर शहर ज़िला भाजपा उपाध्यक्ष मनोज प्रजापति जी के असमय निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। कोरोना संक्रमण के चलते अपने युवा नेता के देहावसान से प्रदेश भाजपा परिवार शोक संतप्त है। भाजपा नेताओं ने मनोज प्रजापति के निधन पर अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर परमपिता परमेश्वर से उनकी आत्मा की चिरशांति की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मनोज प्रजापति के निधन पर गहन शोक व्यक्त करके हुए इसे एक असीम संभावनाओं से युक्त युवा नेतृत्व का असमय दु:खद अंत बताया है। श्री साय ने कहा कि यह पार्टी संगठन की अपूरणीय क्षति है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मनोज प्रजापति के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। भाजपा पार्षद और ज़िला उपाध्यक्ष समेत अनेक दायित्वों का कुशल निर्वहन करके स्व. प्रजापति ने अपनी भरपूर क्षमताओं का परिचय दिया जिससे युवा पीढ़ी प्रेरित होगी। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने स्व. प्रजापति को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता के तौर पर उन्होंने अपने समर्पण व पुरुषार्थ से सत्ता और संगठन में जिस पराक्रम का परिचय दिया, वह राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहे युवा वर्ग को सही राह दिखाएगा। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि उनका अकस्मात् यूँ हम सबसे चिर विछोह हम सबके लिए अत्यंत पीड़ादायी घटना है। उनके निधन से उपजा शून्य हमें हमेशा सालता रहेगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने अपने शोक संदेश में कहा कि मनोज प्रजापति का निधन प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत क्षति है जिसकी किसी भी रूप में भरपाई नहीं हो सकती।
पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुभाष राव, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा, चुनाव विधिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नरेशचंद्र गुप्ता, आईटी सेल के प्रदेश प्रमुख दीपक म्हस्के सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, रायपुर शहर ज़िला के अध्यक्ष व पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ताओं सच्चिदानंद उपासने, विधायक शिवरतन शर्मा, संजय श्रीवास्तव व भूपेंद्र सिंह सवन्नी, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने, भाजपा शहर ज़िला उपाध्यक्ष सत्यम दुवा, छगनलाल मूंदड़ा आदि ने भी स्व. प्रजापति को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें