तहकीकात
न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय नई दिल्ली से प्रायोजित राष्ट्रीय सेवा योजना का 51 वां स्थापना दिवस समारोह कोविड-19 संक्रमण के कारण देश भर में वर्चुअल माध्यम से मनाया गया। इसी क्रम में शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैकुण्ठपुर के प्राचार्य डाॅ ए सी गुप्ता के संरक्षण एवं जिला संगठक प्रो एम सी हिमधर के संयोजन में आॅन लाईन माध्यम से गूगल मीट पर जिला स्तरीय रासेयो स्थापना दिवस मनाया गया। जिसमें कोरिया एवं सूरजपुर जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयं सेवकों ने सहभागिता किया। राज्य रासेयो अधिकारी एवं पदेन उप सचिव छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग डाॅ समरेन्द्र सिंह मुख्य संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में पटल पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम डाॅ एस के त्रिपाठी अपर संचालक उच्च शिक्षा सरगुजा सम्भाग अम्बिकापुर के मुख्य आतिथ्य तथा डाॅ अनिल कुमार सिन्हा कार्यक्रम समन्वयक, संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय सरगुजा अम्बिकापुर के अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं युवा प्रेरणा पुरूष स्वामी विवेकानन्द के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत से किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रो हिमधर ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कोरिया एवं सूरजपुर जिले के रासेयो गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। स्वयं सेवकों की ओर से पारस खैरवार ने राजकीय एवं लक्ष्य गीत तथा कु0 अमृता सिंह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। शालिनी सिंह श्याम व आकाश सिंह ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य, रूपेश कुमार श्रीवास ने एकल नृत्य की शानदार प्रस्तुति दिया। काव्य पाठ अन्तर्गत संदीप गौड़, प्रिंस कुमार सिंह, कु प्रीति पाण्डेय और कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीता गिरी शासकीय कन्या उ मा वि0अघिना सलका ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। वक्ता के रूप में कार्यक्रम अधिकारी डाॅ एस बी श्याग बिश्नोई, डाॅ आर एन कच्छप, प्रो सी बी मिश्रा एवं राज्य स्तरीय रासेयो पुरस्कार से सम्मानित राजीव कुमार सिंह ने अपने अनुभव बांटे और स्वयं सेवकों को कोविड काल में सुरक्षित रहकर कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
रासेयो प्रमुख डाॅ समरेन्द्र सिंह ने कहा कि हर चुनौती हमें सक्षम बनाता है। चुनौतियों के अनुरूप अपने आप को ढालकर कार्य करना हमारे स्वयं सेवकों को आता है। हमें अपने अच्छाईयों के साथ-साथ बुराईयों पर भी विजय प्राप्त करनी है। अतः प्रत्येक स्वयं सेवक अपने अन्दर की एक बुराई को त्यागने का आज संकल्प ले। उन्होनें अच्छे गतिविधियों के संचालन के लिए सरगुजा विश्वविद्यालय की प्रशंसा की तथा स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामना दी। मुख्य अतिथि डाॅ एस के त्रिपाठी ने रासेयो के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि आज कोविड संकट और लाक डाउन के कारण जबकि हमारे विद्यार्थी स्कूल, काॅलेज न आकर घरों में रहकर अपने उत्तरदायित्वों को निर्वहन कर रहे है। सभी बधाई के पात्र है। रासेयो गतिविधियों में सभी इकाईयां बेहतरीन कार्य कर रहे है। रासेयो गतिविधियां में कोरिया जिला सम्भाग में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डाॅ ए के सिन्हा ने कहा कि रासेयो में हम पुरस्कारों के लिए काम नहीं करते किन्तु हमारे कार्यो के मूल्यांकन से जो सम्मान प्राप्त होता है उससे कार्य करने की एक नई ऊर्जा मिलती है। कोविड काल में कोरिया व सूरजपुर जिले के स्वयं सेवकों के द्वारा कोरोना वारियर्स के रूप में किए गए बेहतरीन कार्यो की प्रशंसा किया। उन्होनें स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2019-20 में एवं कोविड
काॅल में अच्छे कार्य करने वाले कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयं सेवकों को आॅन लाईन प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कोरिया जिला से डाॅ रंजना नीलिमा कच्छप, प्रो शिव शंकर राजवाड़े, सुशील कुमार जायसवाल, आनन्द प्रकाश विश्वकर्मा, जयपतिया तिवारी, राम खेलावन विश्वकर्मा एवं सूरजपुर जिला से प्रो सी बी मिश्रा, प्रो गोपेश्वर साय, राजीव कुमार सिंह, दिलीप शर्मा, ओम प्रकाश राजवाड़े, श्रीमती रीता गिरी सम्मानित हुए। स्वयं सेवकों में कोरिया से सिमरन परवीन, शिवम सागर, अल्फा बड़ा, शक्ति राजवाड़े, बिहारी लाल साहू, रवि मुंगरी, रूपेश श्रीवास, सुनीता कुर्रे, मिथलेश यादव एवं अशोक कुमार साहू तथा सूरजपुर जिले से पूनम प्रधान, सूरज मुनी पैकरा, सतीश सिंह, गौरी राजवाड़े, सोनावती, ज्योति कुशवाहा, सुनीता साहू, सोन कुमारी सिंह, पिलेश्वर यादव, अयोध्या प्रसाद सम्मानित हुए। कार्यक्रम का संचालन डाॅ राम किंकर पाण्डेय, कार्यक्रम अधिकारी शासकीय लाहिड़ी महाविद्यालय चिरमिरी के द्वारा अपने साहित्यिक अंदाज में किया गया। तकनीकी संयोजन श्रीमती जयश्री मण्डल देवनाथ ग्रन्थपाल शासकीय रामानुज पी जी महाविद्यालय बैकुण्ठपुर का रहा। अंत में आभार प्रदर्शन जिला संयोजक ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम सहायक मो आरीफ ढेबर, वरिष्ठ स्वयं सेवक सेवक सिमरन परवीन, देव नारायण सिंह, शिवम सागर और अभय यादव का सक्रिय योगदान रहा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें