प्रदेश भाजपा आडवाणी, जोशी, उमा सहित वरिष्ठ नेताओं व संत-समाज को आरोपमुक्त किए जाने पर प्रसन्न, कहा- न्याय की जीत - The Tahkikat News

Latest

खबर हर कीमत पर

बुधवार, 30 सितंबर 2020

प्रदेश भाजपा आडवाणी, जोशी, उमा सहित वरिष्ठ नेताओं व संत-समाज को आरोपमुक्त किए जाने पर प्रसन्न, कहा- न्याय की जीत



तहकीकात न्यूज  @  वेब डेस्क .  रायपुर

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने बुधवार को विशेष सीबीआई अदालत द्वारा अयोध्या मामले में पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों डॉ. मुरलीमनोहर जोशी, साध्वी उमा भारती के साथ ही विनय कटियार, साध्वी ऋतम्भरा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व संत-समाज को आरोपमुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त कर इसे न्याय की जीत बताया है। भाजपा ने कहा कि इस फैसले से यह एक बार फिर सिद्ध हुआ है कि सत्य को कुछ समय के लिए परेशान तो किया जा सकता है, लेकिन पराजित क़तई नहीं किया जा सकता।



यह कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति पर न्याय और सत्य का करारा प्रहार है : साय

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बाबरी ढाँचा गिराए जाने के मामले में विशेष सीबीआई अदालत के फैसले का स्वागत किया हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को इस मामले में आरोपमुक्त किये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हम प्रारम्भ से ही कहते रहे हैं कि हमारे नेताओं पर लगाये गए तमाम आरोप ग़लत और बेबुनियाद हैं। श्री साय ने केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर दुर्भावना से मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाया और कहा कि हमें देश की न्याय-व्यवस्था और संविधान पर पूर्ण विश्वास रहा है जिसका परिणाम आज सत्य की जीत के रूप में आया है। वास्तव में आज दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। यह कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति पर न्याय और सत्य का करारा प्रहार है।


नेताओं व साधु-संतों ने उकसाने या ढाँचा ढहाने की बात नहीं की, वह परिस्थितिजन्य स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी : डॉ. सिंह


भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विवादास्पद ढाँचा ढहने के मामले में 28 साल तक चली लंबी सुनवाई के बाद आए इस ऐतिहासिक फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि वहां मौज़ूद भाजपा नेताओं, साधु-संतों ने कोई उकसाने वाली या ढाँचा ढहाने की बात नहीं की थी। जो ढाँचा ढहा, वह परिस्थितिजन्य प्रतिक्रिया थी। विशेष सीबीआई अदालत के फैसले से न्याय और सत्य की जीत हुई है। राम मंदिर निर्माण जो कोटि-कोटि भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा विषय था और अब जिसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, उस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को जो अभियुक्त बनाया गया था, उसमें कोई आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। निश्चित रूप से यह फैसला स्वागत योग्य है और इस आंदोलन से जुड़े रहे सभी लोग बधाई व अभिनंदन के पात्र हैं।


सुप्रीम कोर्ट और सीबीआई अदालत के फैसले ने लोगों की न्याय-व्यवस्था में आस्था को दृढ़ किया : डॉ. सरोज


सांसद (राज्यसभा) डॉ. सरोज पांडे ने विशेष सीबीआई अदालत के फैसले को कोटि-कोटि भारतीयों व कारसेवकों की भावनाओं की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला इस तथ्य को रेखांकित करता है कि तुष्टिकरण की सांप्रदायिक राजनीति कर न केवल भाजपा नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए, अपितु लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गईं भाजपा शासित चार राज्यों की तत्कालीन सरकारों को रातो-रात असंवैधानिक रूप से बर्ख़ास्त किया गया था। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने कहा कि असत्य का शोर चाहे जितना मचाया जाए, भ्रम के सारे धुंधलकों को चीरकर सत्य खामोश रहकर अपने प्रखर आलोक से दुनिया को जगमग करता है। श्रीराम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट और अब झूठे मुकदमों के मामलों में भाजपा नेताओं व साधु-संतों की आरोपमुक्ति से जुड़े सीबीआई अदालत के फैसले ने लोगों की न्याय-व्यवस्था में आस्था को दृढ़ किया है और दोनों फैसले भारत को एक सर्वधर्म समभाव के तत्व-चिंतन से बांधने का काम करेंगे।


* फ़ैसले से भारतीय न्याय व्यवस्था के प्रति जनमानस का सम्मान और अधिक बढ़ा है  : नेताम*


सांसद (राज्यसभा) रामविचार नेताम ने विशेष सीबीआई अदालत के बुधवार को आए फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा शुरू से ही इस मामले में साफ-साफ कहती आई है कि ये मामले झूठे और तुष्टिकरण की राजनीति का परिणाम हैं। भाजपा के जिन नेताओं पर ये झूठे मुकदमे दर्ज किए गए थे, वे भारतीय राजनीति में मर्यादा और मूल्यों के प्रति समर्पित आस्था के प्रतीक रहे हैं और किसी भी तरह की विध्वंसक गतिविधि को प्रोत्साहित करके राजनीति को ग़लत दिशा देने की प्रवृत्ति के ख़िलाफ़ रहे हैं। श्री नेताम ने कहा कि बुधवार को सीबीआई अदालत के नीर-क्षीर निर्णय से भारतीय न्याय व्यवस्था के प्रति जनमानस का सम्मान और अधिक बढ़ा है।

कोई टिप्पणी नहीं: